KCG में ड्रंक एंड ड्राइव पर सख्त एक्शन: नशे में वाहन चलाने पर 15 हजार तक जुर्माना, अब लाइसेंस भी होंगे रद्द
खैरागढ़। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले की सड़कों पर शराब पीकर वाहन दौड़ाने वालों की अब खैर नहीं है। जिला पुलिस की यातायात शाखा ने ऐसे लापरवाह चालकों के खिलाफ एक बड़ा अभियान छेड़ दिया है। इस कड़ी में पुलिस द्वारा पकड़े गए मामलों पर माननीय न्यायालय ने कड़ा रुख अख्तियार किया है, जहाँ नियमों का उल्लंघन करने वालों पर 10,000 से लेकर 15,000 रुपए तक का भारी-भरकम अर्थदंड लगाया गया है। इस दंडात्मक कार्रवाई से नशे में ड्राइविंग करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।

पुलिस की यह सख्ती केवल जुर्माने तक ही सीमित नहीं रहने वाली है। यातायात विभाग अब ऐसे सभी चालकों के लाइसेंस निलंबित कराने की तैयारी में है। इसके लिए पुलिस द्वारा संबंधित प्रतिवेदन आरटीओ (RTO) कार्यालय को भेजे जा रहे हैं, ताकि नशे की हालत में सड़क पर दूसरों की जान जोखिम में डालने वालों के ड्राइविंग लाइसेंस स्थायी या अस्थायी रूप से निरस्त किए जा सकें। जिले के विभिन्न चौक-चौराहों पर पुलिस की टीम लगातार जांच कर रही है और ब्रीथ एनालाइजर के जरिए नशे की पुष्टि होने पर तत्काल कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।



