धरमपुरा में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम, माताओं की गोद भराई और बच्चों का अन्नप्राशन
सेवा संकल्प अभियान के तहत महिलाओं, किशोरियों और बच्चों के लिए हुए विविध आयोजन
खैरागढ़. सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर पालिका खैरागढ़ के वार्ड क्रमांक 11 धरमपुरा में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह एवं नगर पालिका अध्यक्ष गिरिजा चंद्राकर मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। इस दौरान दो गर्भवती माताओं की गोद भराई और छह माह पूर्ण कर चुके दो बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया। बच्चों ने मेहंदी प्रतियोगिता और मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में रंग भर दिया।
कार्यक्रम में जिला मिशन समन्वयक वृंदा एवं सखी सेंटर की भारती ने महिलाओं और किशोरियों को सखी सेंटर, महिला हेल्पलाइन, चाइल्ड हेल्पलाइन तथा साइबर हेल्पलाइन की जानकारी दी। साथ ही स्वच्छता, बाल विवाह की रोकथाम और विभिन्न शासकीय योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षद ने आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों को खिलौने वितरित किए, वहीं नगर पालिका अध्यक्ष ने शहरी क्षेत्र की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और मितानिनों को श्रीफल एवं शाल भेंटकर सम्मानित किया तथा कार्यकर्ताओं को विकसित भारत की पुस्तकें प्रदान कीं।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने व्यंजन प्रदर्शनी का अवलोकन किया। विभिन्न गतिविधियों में शामिल बच्चों को जिला पंचायत उपाध्यक्ष ने पुरस्कृत किया। आयोजन के दौरान महिला एवं बाल विकास से जुड़ी गतिविधियों के साथ मातृ-शिशु स्वास्थ्य, स्वच्छता और जागरूकता का संदेश दिया गया। अंत में सभी उपस्थित लोगों को स्वल्पाहार वितरित किया गया और सहयोग एवं सहभागिता के लिए आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।




