समिति अध्यक्ष बनाने के नाम पर ₹1 लाख मांगने की चर्चा, मंडल अध्यक्ष ने बताया निराधार
साल्हेवारा क्षेत्र में नवीन समिति गठन को लेकर अटकलें तेज, कार्यकर्ताओं के बीच चर्चाओं का बाजार गर्म
खैरागढ़। जिले के साल्हेवारा सहित नर्मदा क्षेत्र में नवीन सहकारी समिति के अध्यक्ष पद को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। क्षेत्र में समिति अध्यक्ष नियुक्ति के लिए कथित रूप से पैसों के लेन-देन की चर्चाएं सामने आने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच भी चर्चा का विषय बन गया है। वहीं कांग्रेस ने इस मुद्दे को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया है कि पार्टी में जमीनी कार्यकर्ताओं की उपेक्षा कर आर्थिक प्रभाव रखने वालों को प्राथमिकता दी जाती है। हालांकि भाजपा संगठन ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है।
मामले को लेकर नर्मदा मंडल अध्यक्ष आनंद पटेल ने स्पष्ट किया कि भाजपा में किसी भी पद या समिति में नियुक्ति के लिए धनराशि लेने की कोई परंपरा नहीं है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं का चयन उनके संगठनात्मक कार्य, सक्रियता और योगदान के आधार पर किया जाता है। आनंद पटेल ने बताया कि कुछ कार्यकर्ता स्वयं उत्साहवश या मजाकिया अंदाज में "मेरा नाम भेज दीजिए, मैं 50 हजार दे दूंगा" जैसी बातें करते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि पार्टी में किसी प्रकार की खरीद-फरोख्त हो रही है। उन्होंने कहा कि अब तक किसी कार्यकर्ता ने उनसे यह शिकायत नहीं की कि किसी नेता या पदाधिकारी ने नियुक्ति के बदले पैसे मांगे हों।
मंडल अध्यक्ष ने यह भी कहा कि यदि कोई व्यक्ति भाजपा या किसी पदाधिकारी का नाम लेकर समिति अध्यक्ष बनाने के नाम पर धनराशि मांगता है, तो उसकी जानकारी तत्काल पुलिस और पार्टी संगठन को दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन ऐसे मामलों को गंभीरता से लेगा और किसी भी प्रकार की दलाली या भ्रामक गतिविधियों को संरक्षण नहीं दिया जाएगा। उनके अनुसार समिति अध्यक्ष के लिए कई कार्यकर्ताओं के नाम भेजे गए हैं और अंतिम निर्णय वरिष्ठ नेतृत्व द्वारा पात्रता एवं कार्य के आधार पर लिया जाएगा।
उधर क्षेत्र में चल रही चर्चाओं के कारण राजनीतिक माहौल गर्म है। कुछ कार्यकर्ताओं के बीच यह चर्चा जरूर है कि समिति अध्यक्ष बनने की होड़ में कई लोग अपने-अपने स्तर पर प्रयास कर रहे हैं, लेकिन अब तक किसी भी प्रकार के पैसों की मांग का प्रमाण सामने नहीं आया है। भाजपा संगठन ने कार्यकर्ताओं से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल संगठन को देने की अपील की है।



