बोरियों में वजन का खेल: ठाकुरटोला धान केंद्र प्रभारी पर गिरी गाज, जिला प्रशासन ने किया सस्पेंड

बोरियों में वजन का खेल: ठाकुरटोला धान केंद्र प्रभारी पर गिरी गाज, जिला प्रशासन ने किया सस्पेंड

खैरागढ़ जिले के ठाकुरटोला धान खरीदी केंद्र में किसानों के हक पर डाका डालने और सरकारी नियमों की धज्जियां उड़ाने का मामला सामने आया है। अनियमितताओं की गंभीर शिकायतों के बाद जिला प्रशासन की टीम ने 14 जनवरी को केंद्र पर औचक दबिश दी, जहाँ धान की बोरियों के वजन में बड़ा खेल पकड़ा गया। निरीक्षण के दौरान भौतिक सत्यापन में पाया गया कि कई बोरियों में धान का वजन तय मानक से अधिक था, तो कई में वजन काफी कम दर्ज किया गया था। शासन के स्पष्ट निर्देशों के उल्लंघन और इस घोर लापरवाही को देखते हुए सहायक आयुक्त सहकारिता के निर्देश पर केंद्र प्रभारी गौतरीहा साहू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

दरअसल, छुईखदान विकासखंड के इस केंद्र पर लंबे समय से गड़बड़ी की सूचना मिल रही थी। इस पर डिप्टी कलेक्टर रेणुका रात्रे, खाद्य अधिकारी भुवनेश्वर चेलक और सहायक आयुक्त सहकारिता आर.के. झा सहित पूरी टीम ने अचानक केंद्र पहुँचकर जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि केंद्र प्रभारी द्वारा वजन के नियमों में भारी लापरवाही बरती जा रही थी। प्रशासन ने इस कार्रवाई के जरिए जिले के सभी उपार्जन केंद्रों को सख्त चेतावनी दी है कि धान खरीदी प्रक्रिया में किसी भी तरह की पारदर्शिता की कमी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन ने सभी प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वे शासन की गाइडलाइन का अक्षरशः पालन करें, अन्यथा कठोर दंडात्मक कार्रवाई के लिए तैयार रहें।